ask a question

समय का सदुपयोग


समय अमूल्य धन है | यही जीवन है | इसका सदुपयोग जीवन का सदुपयोग है और इसका विनाश और दुरुपयोग जीवन का विनाश और दुरुपयोग है | जिसने भी समय के इस रहस्य को स्वीकार किया, उसने बड़ी- से - बड़ी उपलब्धियॉं प्राप्त की | समय का सदुपयोग ही जीवन की सफलता का आधार है | समय महाशक्तिशाली है | इसकी भली - भाँति पहचान होने पर अयोग्य भी योग्य बन जाते हैं | गरीब और दुखी धनवान और सुखी हो जाता है | 

समय का जीवन में बहुत महत्त्व है | संसार में जितनी भी वस्तुएँ हैं उन्हें प्राप्त करना कठिन नहीं | यदि धन नष्ट हो जाए तो उसे मेहनत करके फिर से प्राप्त कर सकते हैं | यदि स्वास्थ्य बिगड़ जाए तो उसे भी सुधारा जा सकता है, परन्तु यदि समय एक बार नष्ट हो जाए, उसे प्राप्त करना असंभव है | इसलिए समय का सबसे अधिक महत्व है यह बहुत महत्त्वपूर्ण साधन है | इसके सदुपयोग से मुर्ख विद्वान बन जाता है | 

उदाहरणस्वरूप छात्रों के लिए पढ़ाई और खेल दोनों ही आवश्यक हैं | परंतु खेल की सीमा अधिक होने पर या निश्चित समय पर न खेलने पर वही समय का दुरुपयोग है | जो लोग समय का सदुपयोग नहीं करते, उन्हें बाद में पछताना पड़ता है | कार्यों के महत्त्व को ठीक से न समझकर, जो लोग उन्हें क्रम से नहीं बाँट पाते हैं, उनके पास सदा ही समय की कमी रहती है और वे कोई भी कार्य आत्मविश्वास से साथ नहीं कर पाते हैं | कार्यों को प्राथमिकता के अनुसार बाँटकर निश्चित अवधि में पूरा करना ही व्यक्ति की श्रेष्टता का सूचक है |  

महापुरुषों के जीवन में समय के सदुपयोग का बड़ा महत्त्व रहा है | बड़े - बड़े वैज्ञानिकों ने समय सदुपयोग से ही संसार को इतना सुख प्रदान किया है तथा स्वयं भी गौरवान्वित हुए हैं | गांधी, नेहरू, तिलक, विवेकानंद, विद्यासागार आदि के जीवन का रहस्य समय का सदुपयोग तथा समय की पहचान है | उन्होंने समय के महत्त्व को समझा तथा विश्व के अग्रणी व्यक्तियों की पंक्ति में खड़े हो सके |

समय की हानि ही वास्तविक हानि है | समय की हानि अथवा दुरुपयोग मानव के लिए अत्यंत घातक है | इससे उन्नति में बाधा पड़ती है और अंत में पश्चाताप के सिवाय कुछ हाथ में नहीं आता | समय का दुरुपयोग करने वाला व्यक्ति जीवन में कभी भी सफल नहीं होता | वह न तो अपने लिए ही कुछ कर पाता है और न ही दूसरों के लिए कोई महत्त्वपूर्ण काम कर सकता है | ऐसे व्यक्ति का समय व्यर्थ की बातों में नष्ट होता है, नशीले पदार्थो के सेवन करने में और बुरे आचरण में नष्ट होता है |

दुर्भाग्य की बात है कि हम लोग समय का महत्त्व नहीं समझते | समय कि पाबंदी का हम ध्यान नहीं रखते | अन्य देशों में समय कि पाबंदी सराहनीय है | कुछ लोग मिनटों कि चिंता नहीं करते, परंतु यदि केवल एक मिनट की देर हो जाए तो गाड़ी छूट जाती है | 

समय सबसे बड़ा खजाना है | सुखी, सफल और शांत जीवन के लिए समय का सदुपयोग और नियमित जीवन आवश्यक है | रुपये - पैसों के हिसाब की तरह हमें एक डायरी में अपने समय और कार्यक्रम का ब्यौरा रखना चाहिए | इस प्रकार हम धीरे - धीरे इसके आदी हो जाएँगे और सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ते चले जाएँगे |  
time: 0.0115900040