ask a question

वर्षा ऋतु


वर्षा ऋतुओं की रानी मानी जाती है | वर्षा ऋतु को चौमासा भी कहते हैं, परंतु वर्षा के मुख्य महीने सावन और भादो हैं | वर्षा ऋतु में आकाश में काले - काले बदल छा जाते हैं | सतरंगी इंद्रधनुष की साड़ी ओढ़े चमचमाती बिजली के प्रकाश में वर्षा रानी धरती पर उतरती है | बादलों में बिजली चमकती है | वर्षा के बाद निकले इंद्रधनुष की शोभा निराली होती है |

भारत एक कृषि प्रधान देश है | कृषकों का जीवन वर्षा पर निर्भर है | जब धरती की प्यास बुझती है, तभी नवांकुर फूटते हैं, हरी - भरी फ़सलें झूमती हैं | नदियाँ जब जल से परिपूर्ण होती हैं, तो विद्युत उत्पादन की शमता भी पूरी होती है | जब विद्युत उत्पादन पूरा होता है, तो उद्योग धंधे पनपते हैं, चारो और खुशहाली आती है |

नाचते हुए मोर किसे अपनी ओर आकर्षित नहीं करते ? पपीहे की पीहू - पीहू, झींगुरों का झंकारना, सभी कुछ तो इंद्रजाल - सा लगता है |

गरमी की तपन से व्याकुल बच्चे वर्षा की रिमझिम बूंदों का आनंद लेते हैं, वर्षा में नहाते हैं | ऐसी ऋतु में झूला, झूला जाता है तथा झूले के गीत गाए जाते हैं | झूला झूलने का त्यौहार हरियाली - तीज वर्षा ऋतु में सावन के महीने में ही मनाया जाता है |

आकाश में छाए बादलों ओर वर्षा को देख किसान फूले नहीं समाते | वे खुशी - खुशी धान बोते हैं तथा ईश्वर को धन्यवाद देते हैं | बादलों को देख मोर मस्ती में भरकर नाच उठते हैं |

जहाँ वर्षा मनोहारी है, वहीं अधिक वर्षा से विनाशकारी दृश्य भी उपस्थित हो जाता है | बाढ़ से फ़सलें नष्ट हो जाती हैं | धन - धान्य की हानि होती है | गरीबों के कच्चे घर ओर झोपड़ियाँ बह जाती हैं | वे बेघर हो जाते हैं | मक्खी मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है | कई बार कुछ बीमारियाँ भी फैल जाती हैं | जहाँ वर्षा हमारे जीवन के लिए वरदान है, वहीं अतिवर्षा विनाशकारी होती है |
time: 0.0151128769