ask a question

विशेषण के भेद (Kinds of Adjective)


विशेषण के भेद (Kinds of Adjective):-

विशेषण के चार भेद होते हैं।
-  गुणवाचक विशेषण (Adjective of Quality)
- संख्यावाचक विशेषण (Adjective of Number)
- परिमाणवाचक विशेषण (Adjective of Quantity)
- संकेतवाचक विशेषण (Demonstrative Adjective)

1. गुणवाचक विशेषण :-
उदाहरण :-
अंगूर खट्टे हैं |
ताजमहल बहुत सुंदर हैं |
ऊपर दिए गए वाक्यों में ‘खट्टे’ तथा ‘सुंदर’ गुणवाचक विशेषण शब्द है |
परिभाषा :- जो शब्द संज्ञा अथवा सर्वनाम के गुण, रंग, रूप, अवस्था, आकार आदि का बोध कराते हैं, वे गुणवाचक विशेषण कहलाते हैं |
जैसे :-
गुण- भला, उचित, अच्छा, ईमानदार, सरल, विनम्र, बुद्धिमानी, सच्चा, दानी आदि।
दोष- बुरा, अनुचित, झूठा, क्रूर, कठोर, घमंडी, बेईमान, पापी, दुष्ट आदि।
रूप/रंग- लाल, पीला, नीला, हरा, सफेद,बैंगनी, सुनहरा, चमकीला, धुँधला, फीका आदि।
आकार- सुन्दर, नुकीला, लम्बा, चौड़ा, सीधा, तिरछा, ऊँचा, मोटा, पतला आदि।
दशा/अवस्था- दुबला, पतला, मोटा, भारी, पिघला, गाढ़ा, गीला, सूखा, घना आदि।
स्थान- बाहरी पछियाँ, दायाँ, बायाँ क्षेत्रीय, असमी, पंजाबी, भारतीय, विदेशी आदि।
काल- नया, पुराना, ताजा,अगला, पिछला, मौसमी, नवीन, सायंकालीन मासिक आदि।
स्वाद- मीठा, कड़वा, नमकीन, तीखा, खट्टा, सुगंधित आदि।
स्थिति/दिशा- निचला, ऊपरी, उत्तरी, पूर्वी आदि।
स्पर्श- मुलायम, सख्त, ठंड, गर्म, कोमल, ख़ुरदरा आदि।

2. संख्यावाचक विशेषण
परिभाषा :- जो शब्द संज्ञा अथवा सर्वनाम की संख्या का बोध कराते हैं, वे संख्यावाचक विशेषण कहलाते हैं | 
जैसे :- चार, प्रतिदिन, प्रथम, दोनों, सभी आदि।
संख्यावाचक विशेषण के दो भेद हैं -
- निश्चित संख्यावाचक विशेषण 
- अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण

निश्चित संख्यावाचक विशेषण:-
उदाहरण :-
मेरे पास सात पेन्सिल हैं |
किशोर ने दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है|
ऊपर दिए गए वाक्यों में ‘सात’ तथा ‘प्रथम’ निश्चित संख्यावाचक विशेषण शब्द है |
परिभाषा :- जो शब्द किसी निश्चित संख्या का बोध कराते हैं, वे निश्चित संख्यावाचक विशेषण कहलाते हैं | जैसे :- पहला, तीन, दो, सैकड़ो आदि।

अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण:-
उदाहरण :-
मेरे पास कुछ पेन हैं |
कक्षा में बहुत कम छात्र उपस्थित थे।
ऊपर दिए गए वाक्यों में ‘कुछ’ तथा ‘कम’ अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण शब्द है |
परिभाषा :- जो शब्द किसी निश्चित संख्या का बोध नहीं कराते हैं, वे अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण कहलाते हैं | जैसे :- कुछ, कम, कई, बहुत-से, थोड़े, अनेक आदि।

3. परिमाणवाचक विशेषण
परिभाषा :- जो शब्द संज्ञा अथवा सर्वनाम की परिमाण (माप, तौल )का बोध कराते हैं, वे परिमाणवाचक विशेषण कहलाते हैं | जैसे :- एक किलो, सात मीटर, दो लीटर, थोड़ा दूध, कुछ फल आदि।
परिमाणवाचक विशेषण के दो भेद हैं -
- निश्चित परिमाणवाचक विशेषण 
- अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण


निश्चित परिमाणवाचक विशेषण :-
उदाहरण :-
रमेश चार लीटर दूध लाया |
उसकी कमीज़ में दो मीटर कपड़ा लगता है |
ऊपर दिए गए वाक्यों में ‘चार लीटर’ तथा ‘दो मीटर’ निश्चित परिमाणवाचक विशेषण शब्द है |
परिभाषा :- जो शब्द किसी निश्चित माप, तौल का बोध कराते हैं, वे निश्चित परिमाणवाचक विशेषण कहलाते हैं | जैसे :- एक किलो , सात मीटर, दो लीटर, दो सौ ग्राम आदि।

अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण :-
उदाहरण :-
गिलास में थोड़ा दूध था |
बैग में कुछ सब्जी हैं |
ऊपर दिए गए वाक्यों में ‘थोड़ा’ तथा ‘कुछ’ अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण शब्द है |
परिभाषा :- जो शब्द किसी निश्चित माप, तौल का बोध नहीं कराते हैं , वे अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण कहलाते हैं | 
जैसे :- थोड़ा सा दूध , कुछ फल , सब धन , बहुत पानी आदि।

4. संकेतवाचक विशेषण
उदाहरण :-
वह लड़का नहीं आया |
यह घोड़ा अच्छा है।
ऊपर दिए गए वाक्यों में ‘वह लड़का’ तथा ‘यह घोड़ा’ संकेतवाचक विशेषण शब्द है |
परिभाषा :- जो सर्वनाम शब्द विशेषण के रूप में प्रयोग किए जाते हैं या किसी की और संकेत करते हैं, संकेतवाचक विशेषण कहलाते हैं | जैसे :- यह आदमी, वे पौधे, वे लोग, वह लड़का आदि। 

अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण और अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण में अंतर  :-  कुछ, थोड़े, सब, अधिक, बहुत आदि शब्दों का प्रयोग अनिश्चित संख्यावाचक व परिमाणवाचक दोनों प्रकार के विशेषणों में प्रयुक्त होता है | जब इनका प्रयोग किसी ऐसी वस्तु से पूर्व किया जाता है, जिसे गिना जा सके, तब ये 'अनिश्चित संख्यावाचक विशेषण' कहलाते हैं | लेकिन जब इनका प्रयोग किसी ऐसी वस्तु के पूर्व होता है, जिसको केवल नापा या तौला जाता है, तब ये 'अनिश्चित परिमाणवाचक विशेषण' कहलाते हैं |

Related Post:-
विशेषण की परिभाषा, विशेषणों की तुलना

Browse more topics below on Hindi Grammar

time: 0.0198240280