ask a question

काल (Tense)


काल (Tense)

काल किसे कहते हैं ?


नीचे दिए गए वाक्यों को ध्यान से पढ़े |
राहुल पतंग उड़ा रहा है |
नितिन विद्यालय गया था |
अनिल पत्र लिखेगा |

ऊपर लिखे वाक्यों में उड़ा रहा है , गया था , लिखेगा क्रियाओं से उनके होने के समय का पता चल रहा है | पहले वाक्य में  क्रिया से आज के समय में होने का पता चल रहा है |  दूसरे वाक्य में क्रिया से काम के बीते हुए समय में होने का पता चल रहा है | तीसरे वाक्य में क्रिया से बोध हो रहा है कि काम आने वाले समय में होगा |
काल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से कार्य के होने के समय का बोध होता है , उसे काल कहते हैं |

काल कितने प्रकार के होते हैं ?

काल के तीन प्रकार के होते हैं –
वर्तमानकाल (Present Tense)
- भूतकाल (Past Tense)
- भविष्य काल (Future Tense)

  
वर्तमानकाल 
उदाहरण :- 
सीता पढ़ा रही है |
हिरन झील पर पानी पी रहा है |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के वर्तमान समय में होने का पता चल रहा है | इसलिए ये वर्तमानकाल की क्रियाएँ हैं|
वर्तमानकाल की परिभाषा :-  क्रिया के जिस रूप से कार्य के वर्तमान समय में होने का बोध हो, उसे वर्तमानकाल कहते हैं | वर्तमान काल की पहचान ता है , ती है , ते हैं , रहा है , रही है , रहे हैं आदि से होती है |

वर्तमान काल के भेद (Kinds of Present Tense) :-
वर्तमान काल के तीन भेद होते हैं -
- सामान्य वर्तमान काल (Present Indefinite)
- अपूर्ण वर्तमान काल (Present Continuous Tense)
- संदिग्ध वर्तमान काल (Doubtful Present Tense)

सामान्य वर्तमान काल

उदाहरण :- 
राधिका खाना खाती है |
मैं रोज़ स्कूल जाता हूँ
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के सामान्य रूप में होने का पता चल रहा है | 
सामान्य वर्तमान काल की परिभाषा :-  क्रिया के जिस रूप से कार्य के सामान्य रूप से चलने वाले समय (काल) में होने का बोध होता है, उसे सामान्य वर्तमान काल कहते हैं | इसमें क्रिया के साथ ता, ती, ते, हूँ, हो, है आदि लगाया जाता है |

अपूर्ण वर्तमान काल
उदाहरण :- 
श्याम मंदिर जा रहा है |
मंत्रीजी भाषण दे रहे हैं |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के वर्तमान समय में चलने का पता चल रहा है जो समाप्त नहीं हुई है |
अपूर्ण वर्तमान काल की परिभाषा :-  जिन शब्दों से यह पता चले कि क्रिया वर्तमान समय में चल रही है समाप्त नहीं हुई है, उसे अपूर्ण वर्तमान काल कहते हैं | अपूर्ण वर्तमानकालिक क्रिया के साथ रहा है, रहे हैं, रही है आदि लगाए जाते हैं |

संदिग्ध वर्तमान काल
उदाहरण :- 
टी.वी. पर मैच आ रहा होगा |
राधा परीक्षा दे रही होगी |
संदिग्ध वर्तमान काल की परिभाषा :-  जिन शब्दों से क्रिया के वर्तमान समय में होने या घटित होने पर संदेह होता है, उसे संदिग्ध वर्तमान काल कहते हैं | संदिग्ध वर्तमानकालिक क्रिया के साथ जाता होगा, रहा होगा, रही होगी, रहे होंगे आदि का प्रयोग किया जाता है | 

भूतकाल 
उदाहरण :- 
शिखा नाच रही थी |
सोहम ने खाना खाया था |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के बीते हुए समय में होने का पता चल रहा है | इसलिए ये भूतकाल की क्रियाएँ हैं|
भूतकाल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से कार्य के बीते हुए समय में होने का बोध हो, उसे भूतकाल कहते हैं |  भूतकाल की पहचान था , थी , थे, आया , गया , लिया आदि से होती है |

भूतकाल के भेद (Kinds of Past Tense)
भूतकाल के छः भेद होते हैं -
- सामान्य भूतकाल (Past Indefinite Tense)
- आसन्न भूतकाल (Immediate Past Tense)
- पूर्ण भूतकाल (Past Perfect Tense)
- अपूर्ण भूतकाल (Past Imperfect Tense)
- संदिग्ध भूतकाल (Doubtful Past Tense)
- हेतु और हेतुमद भूतकाल 

सामान्य भूतकाल

उदाहरण :- 
गीता ने खाना खाया |
रानी बाज़ार चले गई |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के सामान्य रूप से होने का पता चल रहा है |
सामान्य भूतकाल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से साधारणतः उसके भूतकाल में सामान्य रूप से होने का बोध हो, उसे सामान्य भूतकाल कहते हैं |

आसन्न भूतकाल
उदाहरण :- 
क्षितिज स्कूल से आ चुका है |
राधा ऑफिस के लिए तैयार हो चुकी है |
ऊपर दिए गए वाक्यों में कार्य तुरंत पूरा होया है यह पता चल रहा है |
आसन्न भूतकाल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से यह पता चले कि क्रिया अभी- अभी समाप्त हुई है, उसे आसन्न भूतकाल कहते हैं |

पूर्ण भूतकाल
उदाहरण :-
तनवी ने फूल तोड़ा था |
प्रभु कृष्ण ने कंस का वध करके प्रजाजनों को सुख प्रदान किया था |
ऊपर दिए गए वाक्यों में कार्य बीते हुए समय से बहुत पूर्व समाप्त हो चुका है यह पता चल रहा है |
पूर्ण भूतकाल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से यह पता चलता है कि क्रिया को समाप्त हुए बहुत समय बीत चुका है, उसे पूर्ण भूतकाल कहते हैं |

अपूर्ण भूतकाल
उदाहरण :-
शशांक टीवी देख रहा था |
चौराहे पर बड़ा जाम लगा था |
ऊपर दिए गए वाक्यों में कार्य बीते हुए समय में हुआ हो और अभी - अभी समाप्त होने वाला है या हुआ है यह पता चल रहा है |
पूर्ण भूतकाल की परिभाषा :- क्रिया के जिस रूप से यह पता चले कि क्रिया भूतकाल में हो रही थी, किन्तु समाप्त नहीं हुई थी, उसे अपूर्ण भूतकाल कहते हैं | 

संदिग्ध भूतकाल
उदाहरण :-
वह गया होगा |
अब तो गाड़ी स्टेशन से छूट गई होगी |
ऊपर दिए गए वाक्यों में कार्य बीते हुए समय में होने का संदेह है यह पता चल रहा है |
संदिग्ध भूतकाल की परिभाषा :- जिस क्रिया के भूतकाल में पूर्ण होने के विषय में निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता हैं, उसे संदिग्ध भूतकाल कहते है |

हेतु और हेतुमद भूतकाल 
उदाहरण :-
यदि रोहन समय पर ध्यान देता, तो उसकी नौकरी नहीं छूटती |
यदि मैं भी मेहनत करती, तो परीक्षा में प्रथम आती |
ऊपर दिए गए वाक्यों में वह कार्य जो भूतकाल में पूर्ण हो सकते थे, परन्तु हो न सके यह पता चल रहा है |
हेतु और हेतुमद भूतकाल की परिभाषा :- जहाँ भूतकाल कि एक क्रिया दूसरे पर निर्भर होती है, वहाँ हेतुहेतुमद भूतकाल होता है |

भविष्य काल
उदाहरण :-
रीना सिनेमा जाएगी |
मैं कल मेरठ जाऊँगी |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के आने वाले समय में होने का पता चल रहा है | इसलिए ये भविष्य काल की क्रियाएँ हैं|
भविष्य काल की परिभाषा :-  क्रिया के जिस रूप से कार्य के आने वाले समय में होने का बोध हो, उसे भविष्यकाल कहते हैं | भविष्य काल की पहचान गा, गी, गे आदि से होती है |

भविष्य काल के भेद (Kinds of Future Tense)
भविष्य काल के दो भेद होते हैं -
- सामान्य भविष्य काल (Future Indefinite Tense)
- संभाव्य भविष्य काल (Doubtful Future Tense)

सामान्य भविष्य काल

उदाहरण :-
आज वर्षा होगी |
हम इंदौर जाएँगे |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के आने वाले समय में सामान्य रूप से होने का पता चल रहा है |
सामान्य भविष्य काल की परिभाषा :-  क्रिया के जिस रूप से कार्य के आने वाले समय में सामान्य रूप से होने का बोध हो, उसे सामान्य भविष्यकाल कहते हैं | 

संभाव्य भविष्य काल 
उदाहरण :-
शायद कल हम सब माँ महाबलेश्वर जाएँ |
संभवतः इस वर्ष व्यापार में लाभ हो |
ऊपर दिए गए वाक्यों से क्रिया के होने का संदेह का पता चल रहा है |
संभाव्य भविष्य काल की परिभाषा :-  क्रिया के जिस रूप से कार्य के आने वाले समय में संभावना व्यक्त की जाती है, उसे संभाव्य भविष्य काल कहते हैं |

  
 

Browse more topics below on Hindi Grammar

time: 0.0336749554